पाली। नगर पालिका आम चुनाव-2026 को लेकर अब मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पाली शहर के राजकीय लॉ कॉलेज में 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना के लिए कुल 5 टेबलें लगाई जाएंगी। इन टेबलों पर अलग-अलग वार्डों की मतगणना निर्धारित क्रम के अनुसार करवाई जाएगी।
मतगणना के दौरान वार्ड 01 से 13, वार्ड 14 से 26, वार्ड 27 से 42, वार्ड 43 से 52 और वार्ड 53 से 65 तक की मतगणना होगी।
मतदान प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होने के बाद अब सभी प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजर 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी है।

दो चरणों में हुआ मतदान, 14 सितंबर को एक साथ मतगणना
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत पहले चरण में 9 सितंबर 2026 को सोजत, सोजत रोड, रानी खुर्द और मारवाड़ जंक्शन नगर पालिकाओं में मतदान हुआ।
इसके बाद 11 सितंबर 2026 को पाली नगर निगम सहित सुमेरपुर, फालना, सादड़ी, तखतगढ़ और बाली नगर पालिका क्षेत्रों में मतदान करवाया गया।
दोनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना 14 सितंबर को करवाई जाएगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों को मतगणना कार्य पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतगणना स्थल के बाहर दोहरी सुरक्षा व्यवस्था
मतगणना को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार प्रत्येक अभ्यर्थी अथवा उसके निर्वाचन अभिकर्ता को मतगणना स्थल, दिनांक और समय की लिखित सूचना उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रत्येक मतगणना कक्ष के लिए अलग सहायक रिटर्निंग अधिकारी को कक्ष प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। मतगणना हॉल में बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था के साथ-साथ मतगणना भवन परिसर के बाहर दोहरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गणन अभिकर्ता के लिए जरूरी है फोटो वाला नियुक्ति पत्र
निर्वाचन नियमों के अनुसार प्रत्याशी और उसका निर्वाचन अभिकर्ता मतगणना के दौरान अपनी ओर से उपस्थित रहने के लिए गणन अभिकर्ता नियुक्त कर सकता है।
वार्ड सदस्य चुनाव में गणन अभिकर्ता की नियुक्ति प्रारूप-19 में दो प्रतियों में की जाएगी। नियुक्ति पत्र पर पासपोर्ट साइज फोटो चस्पा होना आवश्यक है।
नियुक्ति पत्र को मतगणना से कम से कम दो दिन पहले रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थियों और निर्वाचन अभिकर्ताओं को फोटोयुक्त बैज भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।
मतगणना टेबल पर सिर्फ कंट्रोल यूनिट की जरूरत
पाली जिले की सभी नगर निकायों में मल्टी पोस्ट सिंगल वोट ईवीएम का इस्तेमाल किया गया है। इसके चलते मतगणना टेबल पर केवल कंट्रोल यूनिट की आवश्यकता होगी।
मतगणना के बाद आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सिक्योर डिटेचेबल मेमोरी मॉड्यूल (SD-MM) की सीलिंग की जाएगी। इसके लिए आवश्यक सीलिंग सामग्री पहले ही उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत मशीनों की बैटरी निकालकर SD-MM की सीलिंग की जाएगी।
मतगणना के बाद EVM और SD-MM अलग-अलग जगह जमा होंगे
मतगणना पूरी होने के बाद सभी सील्ड/अन-सील्ड EVM और सील्ड SD-MM को उसी दिन जिला मुख्यालय पर जमा करवाया जाएगा।
EVM को कैरिंग केस में पैक कर बक्सों में सुरक्षित तरीके से पाली स्थित EVM वेयरहाउस, राजकीय लॉ कॉलेज (पुराना भवन), बांगड़ कॉलेज परिसर में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सील्ड SD-MM को उसी दिन जिला कोष कार्यालय, पाली के डबल लॉक में जमा करवाया जाएगा।

EVM में खराबी आई तो इंजीनियर संभालेंगे मोर्चा
मतगणना के दौरान यदि किसी EVM में खराबी के कारण कंट्रोल यूनिट पर परिणाम प्रदर्शित नहीं होता है तो अधिकृत इंजीनियर की सहायता ली जाएगी।
यदि अधिकृत इंजीनियर की मदद के बाद भी EVM से परिणाम प्राप्त नहीं हो पाता है तो संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जिला निर्वाचन कार्यालय, पाली को तत्काल लिखित रूप से सूचना देनी होगी।
अब 14 सितंबर का इंतजार
मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत EVM में बंद है। अब 14 सितंबर की सुबह 8 बजे से जैसे-जैसे मतगणना शुरू होगी, वैसे-वैसे वार्डवार परिणाम सामने आने लगेंगे।
पाली में इस बार किस प्रत्याशी के सिर जीत का सेहरा बंधेगा और किस राजनीतिक दल को बोर्ड बनाने का मौका मिलेगा, इसका फैसला अब मतगणना के साथ होगा। प्रत्याशियों और समर्थकों की नजरें अब पाली के राजकीय लॉ कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर टिकी हैं।

