नेपाल में आम चुनाव के बाद आज शुक्रवार (6 मार्च) को वोटों की गिनती जारी है. नेपाल की प्रतिनिधि सभा के चुनाव गुरुवार (5 मार्च) को संपन्न हुए. इसके बाद देर रात से ही काउंटिंग शुरू हो गई. चुनाव आयोग ने मतगणना शुरू होने के 24 घंटे के भीतर सीधे 165 सीटों (FPTP) के रिजल्ट जारी करने का दावा किया है. साथ ही ये भी बताया है कि पहाड़ी क्षेत्रों से मतपेटियों को इकट्ठा करके मतगणना स्थलों तक लाने में कम से कम 1 दिन लग जाता है, इसलिए बाकी नेपाल आम चुनाव रिजल्ट बाद में घोषित किए जाएंगे
द काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने उम्मीद जताई है कि इस बार मतदान का प्रतिशत 65 फीसदी से अधिक रहने की संभावना है. नेपाल में प्रतिनिधि सभा के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से 77 जिलों में 23 हजार केंद्रों पर मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चला. ये पिछले साल सितंबर में जेन-जी विद्रोह के बाद नेपाल में हो रहा पहला आम चुनाव है
नेपाल में हुए चुनावों में बालेन शाह की पार्टी क्लीन स्वीप करती हुई दिखाई दे रही है. आरएसपी ने काठमाडूं घाटी की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की है नेपाल में बालेन शाह की पार्टी आरएसपी 60 सीटों पर जीत चुकी है. नेपाली चुनाव आयोग के मुताबिक, 61 सीटों पर आरएसपी आगे चल रही है
केपी शर्मा ओली ने बालेन शाह को दी बधाई
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र से बालेन शाह की जीत पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने आशा व्यक्त की कि बालेन अगले पांच वर्षों तक सफलतापूर्वक नेतृत्व करेंगे और उन्हें शुभकामनाएं दीं








