राजस्थान में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम ने करवट ली है, जिससे एक बार फिर सर्दी तेज हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आज राज्य के 10 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई हिस्सों में हल्की शीतलहर चलने और तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।
बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा और धुंध छाई रही, वहीं सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसका असर सुबह-शाम के साथ दिन में भी देखने को मिला। सबसे ठंडा इलाका पाली रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर में घना कोहरा देखने को मिला। इसके अलावा बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर और नागौर बेल्ट में भी हल्का कोहरा और धुंध छाई रही। कोहरे के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा।
31 जनवरी से बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 29 और 30 जनवरी को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि उत्तर-पूर्वी जिलों, विशेषकर बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है। इस दौरान सर्द हवाएं चलने की भी संभावना है। 31 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग में बादल छा सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। इस सिस्टम का असर 1 फरवरी को भी पूर्वी राजस्थान, विशेषकर भरतपुर संभाग में बना रह सकता है।












