राजस्थान की बेटी और उदयपुर की होनहार पर्वतारोही मनस्वी अग्रवाल ने इतिहास रचा दिया है. मनस्वी ने 21 जनवरी को माइनस 30 डिग्री (-30°C) में 23000 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया है. दरअसल, दक्षिणी अमेरिका महाद्वीप की एंडीज पर्वत श्रृंखला में स्थित विश्व की अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं लगभग 7000 मीटर (करीब 23,000 फीट) ऊंची चोटी अकोन्कागुआ पर भारतीय तिरंगा फहराया. उपलब्धि के साथ मनस्वी राजस्थान की अर्ध सैनिक बल में कार्यरत पर्वतारोही गीता सामोता के बाद अकोन्कागुआ शिखर पर पहुंचने वाली राज्य की दूसरी महिला बन गई हैं

मनस्वी ने बताया कि एशिया के बाद शेष छह महाद्वीपों में अकोन्कागुआ सर्वाधिक ऊंचाई वाली चोटी है, जहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार चलती है और वहां माइनस 30 डिग्री तक तापमान हो जाता है. हम कुल विश्वभर के 22 पर्वतारोहियों ने चढ़ाई शुरू की थी जिसमें से मात्र 12 ही इस अभियान में सफल हो सके
इससे पहले मनस्वी ने यूरोप की सर्वोच्च चोटी माउंट एलब्रस और अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी किलीमंजारो को भी फतह किया है. मनस्वी ने महज पांच महीने से भी कम समय में विश्व के सात में से चार महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर चढ़ाई करने में सफलता प्राप्त कर चुकी है











