अजमेर की वीर धरा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने देश की करोड़ों बेटियों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखी. पीएम ने शनिवार को रिमोट का बटन दबाकर राष्ट्रीय एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया इस अभियान के तहत हर साल देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 14 साल की लगभग 1.15 करोड़ लड़कियों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह टीका किसी भी आम परिवार पर बोझ नहीं बनेगा, बल्कि निर्धारित सरकारी हेल्थ सेंटरों पर यह पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध होगा. लाभार्थी बेटियां अपने नजदीकी सरकारी हेल्थ सेंटर (PHC/CHC) और सरकारी अस्पतालों में जाकर यह वैक्सीन लगवा सकेंगी. इसके लिए सरकार जल्द ही स्कूलों के माध्यम से भी जागरूकता और टीकाकरण सत्र आयोजित करेगी ताकि कोई भी पात्र बेटी इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे

वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भजनलाल सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि साथियों कुछ समय पहले ही राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार को दो साल पूरे हुए हैं। मुझे संतोष है, आज राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर है। विकास के जिन वादों के साथ भाजपा सरकार आपकी सेवा में आई थी, उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है। आज का दिन विकास के इस अभियान को तेज करने का दिन है। थोड़ी देर पहले यहां राजस्थान की 17 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। ये सारे प्रोजेक्ट राजस्थान की जनता की सुविधा बढ़ाएंगे। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे। दो साल पहले राजस्थान से केवल पेपरलीक की खबरें चमकती रहती थीं। अब राजस्थान में पेपरलीक पर रोक लगी है। दोषियों पर कार्रवाई हो रही है। आज 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। ये बहुत बड़ा बदलाव आया है।

कांग्रेस ने देश को बेइज्जत किया’
पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर आगे निशाना साधते हुए कहा कि साथियों हाल ही में दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन हुआ। इसमें दुनिया के अनेक देशों के पीएम-राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री आए। दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों के लीडर एक छत के नीचे इकट्ठे हुए। भारत की खुले मन से प्रशंसा की। अब दुनिया के इतने लोग भारत की प्रशंसा करते हैं तो अपको गर्व होता है या नहीं होता है। अभिमान होता है या नहीं। आपका सीना ऊंचा होता है या नहीं। साथियों आपको गर्व हुआ, लेकिन हताशा, निराशा में डूबी लगातार पराजय के कारण थक चुकी कांग्रेस ने क्या किया? दुनिया भर के मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की। इन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने की कोशिश की।
कांग्रेस पर निशाना साधने के बाद प्रधानमंत्री ने लोगों से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धूप अब बचत का साधन बन रही है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से राजस्थान के लोगों को फायदा हो रहा है। इस योजना में राजस्थान का भाग्य बदलने की ताकत है। योजना के तहत अपने घर के लिए बिजली बनाई भी जा सकती है और बची हुई बिजली ग्रिड में डालकर बेची भी जा सकती है। सरकार इसके लिए 78 हजार रुपये की सब्सिडी दे रही है। विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र काम किया जा रहा है।
मेजर दलपत सिंह के शौर्य को नमन करने का मौका मिला’
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कल ही इस्राइल की यात्रा पूरी कर लौटा हूं। राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह के शौर्य को इस्राइल के लोग आज भी गौरव से याद करते हैं। मुझे भी इस्राइल की संसद में मेजर दलपत सिंह के शौर्य को नमन करने का मौका सौभाग्य मिला। राजस्थान के वीर बांकुरों की इस्राइल के हाइफा शहर को आजाद कराने में जो भूमिका थी, उसका गौरव गान करने का अवसर मिला।









