पूर्व मुख्यमंत्री राजे के झालावाड़ आगमन से जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। उनके कार्यक्रम के अनुसार 22 दिसंबर को झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र में भी उनका कार्यक्रम है, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रविवार को झालावाड़ दौरे के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान राजे ने अलग-अलग विधानसभा के मंडल अध्यक्षों से संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया। दोपहर बाद डाक बंगला परिसर में कई कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे।
झालावाड़ में आयोजित जन सुनवाई में आमजन की समस्याओं को सुना। प्राप्त प्रत्येक विषय के प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट और ठोस दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर सांसद दुष्यंत सिंह, मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, खानपुर के पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, प्रदेश सचिव छगन माहुर, महिला जिलाध्यक्ष रंजिता पाण्डे, सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।











