जयपुर 16 मार्च। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री एवं अलवर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने अलवर में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में अलवर एवं खैरथल-तिजारा जिले के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर ग्रीष्म ऋतु में पेयजल सप्लाई, विद्युत आपूर्ति एवं चिकित्सा प्रबंधन, एलपीजी गैस आपूर्ति प्रबंधन, बजट घोषणाओं, विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा मौजूद रहें।
कृषि मंत्री ने ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं विभागीय योजनाओं में प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि आपसी विभागीय समन्वय स्थापित कर ग्रीष्म ऋतु में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की समुचित तैयारी रखें, बजट घोषणाओं को निश्चित समयावधि में धरातल पर उतारे एवं विभागीय योजनाओं में लक्ष्यानसार प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने दोनों जिले की पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि समर कंटीन्जेंसी प्लान के अनुसार गांव एवं कस्बों में प्रभावी मॉनिटरिंग कर पेयजल प्रबंधन सुनिश्चित करें एवं इमरजेंसी वर्कस की संपूर्ण प्रक्रिया को यथासमय पूर्ण करावें, ताकि गर्मी के दौरान आमजन को पेयजल संबंधी समस्या का सामना ना करना पड़े। उन्होंने ईआरसीपी योजना, भरतपुर-चम्बल पेयजल योजना, ईसरदा योजना, जल जीवन मिशन, बजट घोषणाओं एवं अमृत 2.0 योजना में प्रगति का फीडबैक लेकर पेयजल कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
डॉ. किरोडी लाल ने दोनों जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा कर अधीक्षण अभियंताओं को निर्देशित किया कि सुचारू विद्युत आपूर्ति के लिए ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत बजट घोषणाओं एवं अन्य मदों से स्वीकृत कार्यों को आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर यथाशीघ्र मूर्त रूप देवें। उन्होंने आरडीएसएस एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का फीडबैक लेकर लक्ष्यानुसार प्रगति अर्जित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खैरथल-तिजारा जिले के मुण्डावर क्षेत्रा के चिरोनी में 220 केवी जीएसएस की स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य को गति देने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले में घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति तथा पेट्रोल व डीजल व्यवस्था का जिला रसद अधिकारी से फीडबैक लेकर निर्देश दिये कि घरेलू गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी व व्यावसायिक उपयोग पर प्रभावी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने मौसमी बीमारियों एवं हीटवेव की तैयारियों की समीक्षा कर सीएमएचओ को निर्देश दिये कि चिकित्सा संस्थानों में उपचार के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिये कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं शिकायतों का आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने अलवर शहर में पेयजल के संबंध में बजट घोषणाओं जिनमें सिलीसेढ पेयजल योजना, भरतपुर-चम्बल परियोजना, किशनगढबास की पेयजल स्कीम इत्यादि की प्रगति का फीडबैक लेकर कार्य को गति देने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने प्रभारी मंत्री को विश्वास दिलाया कि बैठक में दिए गए दिशा निर्देशों की पालना समयबद्ध रूप से संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कराई जावेगी।
बैठक में थानागाजी विधायक कांति प्रसाद मीणा, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधायक मांगीलाल मीणा सहित अलवर एवं खैरथल- तिजारा जिले के अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











